सरसों के खेत में कर रहा था अफीम की खेती, गिरफ्तार
कौशांबी पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने भेजा जेल
प्रयागराज। अपने खेतों में अवैध अफीम की खेती करते हुए एक शख्स को कौशांबी पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो लखनऊ की टीम ने शुक्रवार की देर शाम को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति इतना शातिर है कि वह सरसों के खेत के बीच में अफीम की खेती कर रहा था। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दिनेश कुमार निवासी महेवा घाट गांव रानीपुर के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि वह अपने खेत से 80-90 किलो अफीम पॉपी की पैदावार कर चुका है। जिसे शोधित कर 10 से 12 किलो हेरोइन बनाई जा सकती है जिसकी बाजार में कीमत लगभग दस करोड़ बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व महेवाघाट की पुलिस ने चेकिंग के दौरान दिनेश कुमार को भागपुरवां क्रॉसिंग के पास 5 किलो हरी अफीम (डोडा) के साथ गिरफ्तार किया था। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पुलिस को बताया कि वह सरसों के खेत के बीच अफीम की खेती करता है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो अफीम पूरी तरह से तैयार दिखी। दिनेश कुमार ने अफीम की अवैध खेती में लगे दो अन्य व्यक्तियों के नाम भी पुलिस को बताया है। पुलिस ने संगत धाराओं में दिनेश का चालान कर दिया है और अन्य दोनों की तलाश कर रही है।














0 Comments