उपमुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, राहत शिविरों में परिवारों से की मुलाकात
प्रयागराज। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को हेलीकॉप्टर से दारागंज, बघाड़ा, सलोरी, गोविंदपुर सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने ब्वायज हाईस्कूल एण्ड कालेज एवं वाईएमसीए सेंटेनरी स्कूल एण्ड कालेज में बनाये गये बाढ़ राहत केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा वहां पर रह रहे लोगो से बातचीत करते हुए उनसे उन्हें उपलब्ध करायी जा रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत केन्द्र में रह रहे लोगो से बाढ़ राहत केन्द्र में मिल रहे चाय, नाश्ता, खाना, बच्चो के लिए दूध आदि की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
जिस पर वहां पर रह रहे लोगो ने प्रशासन के द्वारा की गयी व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। केशव प्रसाद मौर्य ने बाढ़ प्रभावित लोगो के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किए जाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए है। उन्होंने बाढ़ की समस्याओं से निपटने के लिए सभी सम्बंधित विभागों को एलर्ट मोड़ पर रहने के लिए कहा है। उपमुख्यमंत्री ने सभी बाढ़ प्रभावित लोगो को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ है, सरकार उनकी हर समस्या को देख रही है, बाढ़ की वजह से जिसका जो भी नुकसान हुआ होगा, बाढ़ के बाद उसका आकलन कर उसकी क्षतिपूर्ति की जायेगी। इस अवसर पर पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।













0 Comments