खाकी पर लगा दाग,दरोगा पर लगा दुराचार का आरोप
सरायममरेज के जंघई चौकी इंचार्ज पर मुकदमा दर्ज
प्रयागराज। थाना सरायममरेज के जंघई चौकी के इंचार्ज पर एक दलित महिला ने दुराचार का आरोप लगाया है। सोमवार को पुलिस उच्च अधिकारियों के पास फरियाद लेकर पहुंची महिला ने इस बारे में लिखित तहरीर दी। मामले की जांच के बाद चौकी इंचार्ज के खिलाफ दुराचार समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। इसी मामले में तीन अन्य लोगों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार जंघई पुलिस चौकी इंचार्ज सुधीर पांडे के पास दलित महिला किसी मामले में फरियाद लेकर गई थी। बताया जाता है कि उसके बाद से ही चौकी इंचार्ज ने उक्त महिला के नंबर पर फोन करना शुरू कर दिया था। 21 सितंबर को दरोगा सुधीर पांडे ने महिला को जंघई पुलिस चौकी पर बुलाया और अपनी कार में महिला को भदोही ले जाने के लिए जबरदस्ती बैठा लिया। महिला के अनुसार रास्ते में दरोगा ने उसे जबरदस्ती कोल्ड ड्रिंक पिला दी। कोल्ड ड्रिंक पीते ही महिला बेसुध हो गई। इसके बाद दरोगा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वापस आते समय भदोही के ग्राम गौरा थाना दुर्गागंज के पास दरोगा की गाड़ी पलट गई। स्थानीय पुलिस ने उन दोनों को जंघई पुलिस चौकी तक पहुंचाया। घटना को छुपाने के लिए सुधीर पांडे की तरफ से अर्जुन, सभाजीत और संतोष पांडे ने पीड़िता को घटना का उल्लेख न करने की हिदायत दी। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की तहरीर पर उच्च अधिकारियों ने मामले की जांच कर आरोपी चौकी इंचार्ज के खिलाफ दुष्कर्म सहित मामला दर्ज कर लिया है। जबकि उसके तीन अन्य सहयोगी भिन्न-भिन्न धाराओं के आरोपी बनाए गए हैं। मामले की जांच एसीपी हंडिया के हाथों में सौंप दी गई है।













0 Comments