भूखंड को लेकर दो पक्षो में विवाद, चली गोली
नैनी के धनुआ अवसानपुर का मामला, दो हिरासत में
नैनी । क्षेत्र में जमीन के विवाद में आये दिन स्थिति गंभीर होती जा रही है। कुछ दिन पहले मामा भांजा चौकी के समीप दो पक्षों में गोलीबारी की घटना के बाद सोमवार को फिर धनुआ अवसानपुर में एक भूखंड पर कब्जे की लेकर गोलीबारी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो लोगो को हिरासत में लेकर असलहे को कब्जे में ले लिया है।
चाका के धनुआ निवासी दिलीप तिवारी की पत्नी सरोज तिवारी धनुआ की प्रधान हैँ और पेशे से वकील हैँ। वहीं पड़ोस में रहने वाले सूर्यकांत मिश्रा सीआरपीएफ से रिटायर्ड है। उन्होंने धनुआ रोड पर घर के पास एक रेस्टोरेंट खोल रखा है। उसी रेस्टोरेंट के पीछे प्लाट में सूर्यकांत मकान बनवा रहे है। सरोज तिवारी के मुताबिक वह जमीन 12 साल पहले उन्होंने खरीदी थी। वहीं सूर्यकांत का कहना है कि वह जमीन उन्होंने 2004 में खरीदी है। सोमवार को उस जमीन पर बन रहे मकान में स्लैब पड रहा था। जिसके लेकर सरोज तिवारी और उनके साथ दर्जनों अधिवक्ता मौके पर जेसीबी लेकर पहुंचे और मकान को गिराने का प्रयास करने लगे। सूर्यकांत और उनके बेटे अजीत ने मना किया। स्थित के गंभीर होते ही सूर्यकांत मिश्रा और उनके बेटे ने पथराव शुरू कर दिया। सूत्रों के मुताबिक पथराव होते ही प्रधान पक्ष के लोगों में से किसी ने फायरिंग कर दी। उधर सूर्यकांत ने भी अपनी लाइसेंसी राइफल से गोली चला दी। हालांकि इस गोली बारी में कोई घायल नहीं हुआ। सूचना पर नैनी इंस्पेक्टर बृज किशोर गौतम ने फोर्स के साथ पहुंचकर सूर्यकांत और उनके बेटे अजीत को लाइसेंसी राइफल के साथ गिरफ्तार कर थाने उठा लाई। वहीं दोनों पक्ष थाने पर मौजूद रहे। प्रधान सरोज तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने सूर्यकांत और अजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।
मामले में एसीपी करछना अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जमीन के विवाद में दो दावेदारों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। जिसमें प्रधान पक्ष की तरफ से कुछ अधिवक्ता मकान को गिराने के लिए पहुंचे हुए थे। वो दूसरे पक्ष ने अपनी लाइसेंसी राइफल से दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों फायरिंग करने वाले अभियुक्तों को रायफल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। प्रधान पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की गई है।
वहीं घटना के बारे में डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि एक भूमि पर दो दावेदारों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को लाइसेंसी राइफल के साथ गिरफ्तार कर लिया। प्रथम पक्ष प्रधान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे को कार्रवाई की है।
0 Comments